रचनात्मक लेखन » संदेश लेखन

प्रश्न :- संदेश क्या होते हैं ?

उत्तर :- संदेश शब्द की उत्पत्ति संस्कृत से मानी गई है। जिसका अर्थ है  किसी विचार, भावना, उद्देश्य या महत्वपूर्ण बात को लिखित या मौखिक रूप में एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुँचाना।

प्रश्न :- संदेश कब पहुँचाया जाता है?

उत्तर :- जब कोई व्यक्ति किसी कारण से दूसरे व्यक्ति से सीधे बात नहीं कर सकता है तब वह संदेश के माध्यम से जानकारी या समाचार या खबर दूसरे व्यक्ति तक पहुँचाता है। संदेश लिखने के कई कारण हो सकते हैं।

प्रश्न :- संदेश कौन भेज सकता है?

उत्तर :- संदेश किसी व्यक्ति विशेष या किसी समूह द्वारा किसी व्यक्ति विशेष या समूहों को दिए जा सकते हैं। कोई भी संदेश व्यक्तिगत व सामूहिक हो सकता है।

प्रश्न :- संदेश का माध्यम कैसा हो सकता है?

उत्तर :- संदेश लिखित या मौखिक दोनों हो सकते हैं।

प्रश्न :-  क्या संदेश केवल खुशी की खबर देने के लिए होते हैं?

उत्तर :- नहीं, संदेश सुखद और दुखद दोनों तरह के होते है।

प्रश्न :- संदेश किस काल में लिखा जाता है?

उत्तर :- संदेश भूतकाल, वर्तमान काल व भविष्य काल में लिखे जा सकते हैं।

प्रश्न :- संदेश किस तरह के हो सकते हैं?

उत्तर :- संदेश औपचारिक और अनौपचारिक दोनों तरह के हो सकते हैं।

प्रश्न :- औपचारिक संदेश कब भेजे जाते हैं?

उत्तर :- औपचारिक संदेश किसी अधिकारी या किसी ऑफिस के किसी कर्मचारी या आम जनमानस के लिए सार्वजनिक रूप से लिखे जा सकते हैं। अगर संदेश किसी नेता या अभिनेता दारा दिया जाता है तो यह आम लोगों को प्रभावित करने के उद्देश्य से लिखा जाता है। यह सार्वजनिक संदेश जकल संदेश भेजने के सबसे बेहतरीन माध्यम  व्हाट्सएप ,एसएमएस  , ईमेल , फेसबुक ट्विटर आदि ऐसे अनेक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हैं जिनके जरिए संदेश भेज जा सकते है।

प्रश्न :- अनौपचारिक संदेश कब भेजे जाते हैं?

उत्तर :- अनौपचारिक संदेश या व्यक्तिगत संदेश किसी अपने करीबी को कोई संदेश / सूचना देने के लिए लिखा जाता है। अनौपचारिक संदेश अपने परिजनों , मित्रगणों , रिश्तेदारों या घर के सदस्यों को लिखे जाते हैं।

प्रश्न :- संदेश लेखन के प्रकार बताएँ।

उत्तर :-  संदेश कई प्रकार के हो सकते हैं जैसे – शुभकामना संदेश, पर्व व त्यौहार संदेश, शोक संदेश, व्यक्तिगत संदेश, सामाजिक संदेश, मिश्रित संदेश आदि।

प्रश्न :- ‘शुभकामना संदेश’ कब भेजे जाते हैं?

उत्तर :-  ‘शुभकामना संदेश’ प्रमुख रूप से किसी व्यक्ति के जन्मदिन, सालगिरह,  परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर, नौकरी मिलने, पदोन्नति होने, नया काम शुरू करने, नई यात्रा आदि अवसरों पर भेजे जाते हैं।

प्रश्न :- ‘पर्व व त्यौहार संदेश’ कब भेजे जाते हैं?

उत्तर :- ऐसे संदेश विशेष पर्वों व त्यौहारों के समय भेजे जाते हैं। जैसे – दीपावली, होली, ईद, क्रिसमस, स्वतंत्रता दिवस के विशेष अवसरों पर।

प्रश्न :- ‘शोक संदेश’ कब भेजे जाते हैं?

उत्तर :- किसी व्यक्ति की पुण्यतिथि या मृत्यु पर लोगों को ‘शोक संदेश’ भेजे जाते हैं।

प्रश्न :- ‘व्यक्तिगत संदेश’ कब भेजे जाते हैं?

उत्तर :- व्यक्तिगत संदेश केवल परिजनों या विशेष मित्र को बधाई, शुभकामना या सांत्वना देने के लिए भेजे जाते हैं।

प्रश्न :- ‘सामाजिक संदेश’ कब भेजे जाते हैं?

उत्तर :- ‘सामाजिक संदेश’ सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़े आयोजन पर भेजे जाते हैं। जैसे – स्वतंत्रता दिवस, पर्यावरण दिवस, मातृ दिवस, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आदि अवसरों पर दिए जाने वाले संदेश।

प्रश्न :- ‘मिश्रित संदेश’ कब भेजे जाते हैं?

उत्तर :- वर्तमान में चल रही महामारी कोरोना या अन्य बीमारी डेंगू, मलेरिया आदि से संबंधित संदेश या प्राकृतिक बाढ़, भूकंप आदि से संबंधित संदेश या देश से जुड़ा हुआ संदेश मिश्रित संदेश की श्रेणी में आते हैं।

प्रश्न :- संदेश लेखन में किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

उत्तर :- संदेश लेखन में निम्नलिखित बातों का ध्यान रखना चाहिए-

  • संदेश को किसी सीमा रेखा जैसे बॉक्स के अंदर लिखा जाना चाहिए।
  • संदेश की शुरुआत में “संदेश” शब्द अवश्य लिखें।
  • संदेश की दिनांक और समय अवश्य लिखें।
  • मुख्य विषय का प्रभावशाली शब्दों वर्णन करें।
  • अंत में संदेश लिखने वाले का नाम अवश्य लिखें।
  • संदेश लेखन की शब्द सीमा 50 से 60 शब्द के बीच में होनी चाहिए।
  • विषयानुसार चित्रों का प्रयोग किया जा सकता है।
  • विषयानुसार दोहे, श्लोक, शायरी या कविता का प्रयोग किया जा सकता है।
  • संदेश में रचनात्मकता और सृजनात्मकता होनी चाहिए।
  • संदेश सरल व संक्षिप्त शब्दों में प्रभावशाली होना चाहिए।
  • संदेश विषय के अनुसार लिखा जाना आवश्यक है।
  • विषय के अनुसार रंगों का भी प्रयोग किया जा सकता है।

प्रश्न :- औपचारिक संदेश लेखन का प्रारूप कैसा होता है?

उत्तर :-

संदेश

दिनांक : …….

समय : ………

संबोधन ………

विषय ……………………………………………………………………..

मुख्य संदेश  ………………………………………………………………………………

………………………………………………………………………………………………

………………………………………………………………………………………………

अपना नाम

प्रश्न :- अनौपचारिक संदेश लेखन का प्रारूप कैसा होता है?

उत्तर :-

संदेश

दिनांक : …….

समय : ………

सम्बोधन

संदेश …………………………………………………………………………………….

…………………………………………………………………………………………….

…………………………………………………………………………………………….

अपना  नाम

 

संदेश लेखन के कुछ उदाहरण

उदहारण 1. दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए अपने दोस्तों के लिए सन्देश लिखे 

शुभकामना  संदेश

दिनांक : 11-08-2021
समय : 8:00 पूर्वाह्न

“खुशियाँ और समृधि से भरा हों आपका जीवन
इसी कामना के साथ शुभ दीपावली ”

प्रिय मित्रों दीपावली के इस पावन पर्व की आपको और आपके पूरे परिवार को हार्दिक शुभकामनाएँ. आपके जीवन में हमेशा खुशहाली रहे. आपके परिवार पर सदैव लक्ष्मी माँ कृपा आप पर बनी रहे।

आपका मित्र
क0ख0ग0

 

उदहारण 2. अपने भाई को 10वीं कक्षा में प्रथम स्थान से प्राप्त करने पर बधाई सन्देश लिखें।

शुभकामना  संदेश

दिनांक : 11-08-2021
समय : 8:00 पूर्वाह्न

प्रिय अनुज सक्षम! आपने अपनी मेहनत और लगन से 10वीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके लिए आपको बहुत बहुत बधाई और शुभकामनाएँ. आपकी सफलता से पूरा परिवार गदगद है। आप इसी तरह मेहनत करते रहो और जीवन में सफलता प्राप्त करते रहो।

आपका बड़ा भाई 
क0ख0ग0

 

उदहारण 3. अपने दादा के स्वर्गवास पर परिचितों को शोक संदेश भेजें।

शोक सन्देश

दिनांक : 11-08-2021
समय : 10:00 पूर्वाह्न

अत्यन्त दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे पूज्य दादा जी श्री ……….. जी का 10 अगस्त 2021 को शाम 7 बजे स्वर्गवास हो गया है। ईश्वर उनको अपने श्री चरणों में जगह दे। उनका पीपलपानी दिनांक 22 अगस्त को रखा गया है। अतः आपसे निवेदन है कि शोक सभा में पधारकर मेरे दादाजी की आत्मा की शान्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करे।

शोकाकुल
अ0ब0स0

 

उदाहरण 4 :- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों के लिए एक संदेश लिखें।

स्वतंत्रता दिवस संदेश

दिनांक : 15-08-2021
समय : 10:00 पूर्वाह्न

खूब बहती है अमन की गंगा बहने दो,

मत फैलाओ देश में दंगा रहने दो,

लाल हरे रंग में मत बांटो हमको,

मेरे छत पर एक तिरंगा रहने दो।

मैं अत्यन्त हर्ष के साथ सभी देशवासियों को आजादी के इस महान पर्व की शुभकामनाएँ देता हूँ। देशवासियों से अपील है कि आप देश में शांति और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने की शपथ लें।

आपका
प्रधानमंत्री

Share with your friends

[DISPLAY_ULTIMATE_SOCIAL_ICONS]